कांग्रेस ने षड्यंत्र रचते हुए महिला आरक्षण संशोधन अधिनियम को पारित होने से रोका: डॉ राधामोहन दास अग्रवाल
जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महिला आरक्षण मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र रचते हुए महिला आरक्षण संशोधन अधिनियम को पारित होने से रोकने का प्रयास किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय समाज में महिलाओं की भूमिका ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने नारायणी देवी वर्मा, जानकी देवी बजाज, हाड़ी रानी, रानी कर्णावती, रानी पद्मावती, पन्ना धाय और अमृता देवी बिश्नोई जैसी प्रेरणादायक महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा महिला आरक्षण को एक सैद्धांतिक विषय मानती है और इसे जल्द से जल्द व्यवहारिक रूप से लागू करने के लिए प्रयासरत है। उनके अनुसार, महिलाओं की भागीदारी के बिना देश के विकास और परिपक्व लोकतंत्र की कल्पना संभव नहीं है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि 2023 में विपक्ष ने मजबूरी में महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया था, लेकिन अब चुनाव दूर होने पर वे विभिन्न बहानों से इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने ‘इंडी गठबंधन’ को ‘ठगबंधन’ बताते हुए कहा कि यह दल केवल प्रधानमंत्री के विरोध के लिए एकजुट हुए हैं और आपसी मतभेदों से घिरे हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल परिवारवाद से ग्रसित हैं और उनमें आंतरिक लोकतंत्र का अभाव है, जबकि भाजपा ने हमेशा महिलाओं को नेतृत्व के अवसर दिए हैं। इस संदर्भ में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को महिला सशक्तिकरण की जीवंत प्रतीक बताया।
डॉ. अग्रवाल ने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं जागरूक हैं और समय आने पर विपक्ष को जवाब देंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट संकल्प है कि महिलाओं को उनका अधिकार मिले और पार्टी इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश