डॉ. प्रताप सिंह का अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ के गिद्ध विशेषज्ञ समूह में चयन

 


बीकानेर, 16 नवंबर (हि.स.)। वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता अनुसंधान के क्षेत्र में बीकानेर के लिए गौरव की खबर है। डॉ. प्रताप सिंह का अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) के गिद्ध विशेषज्ञ समूह तथा प्रजाति उत्तरजीविता आयोग के सदस्य के रूप में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से राजस्थान के वन्यजीव संरक्षण को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

डॉ. प्रताप सिंह लंबे समय से प्राणी विज्ञान, जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में शैक्षणिक एवं अनुसंधान कार्य कर रहे हैं। विशेष रूप से थार मरुस्थल की जैव विविधता, शिकारी पक्षियों की पारिस्थितिकी और गिद्धों के संरक्षण में उनकी रुचि एवं योगदान उल्लेखनीय है।

आईयूसीएन विश्व स्तर पर प्रकृति और जैव विविधता के संरक्षण के लिए कार्य करने वाला प्रमुख संगठन है। इसके गिद्ध विशेषज्ञ समूह में विभिन्न देशों के विशेषज्ञ गिद्धों के संरक्षण, उनकी घटती आबादी और उनके सामने मौजूद खतरों पर अनुसंधान करते हैं।

डॉ. प्रताप सिंह के चयन से राजस्थान सहित भारतीय उपमहाद्वीप में गिद्धों के प्राकृतिक आवास और संरक्षण संबंधी चुनौतियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने का अवसर मिलेगा। उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षाविदों, वन्यजीव विशेषज्ञों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव