कोटा में 70 हजार परिवारों के लिए डीपीएनजी नेटवर्क तैयार

 


जयपुर/कोटा, 22 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड द्वारा कोटा शहर में पाइपलाइन आधारित घरेलू गैस (डीपीएनजी) सुविधा के लिए व्यापक आधारभूत ढांचा विकसित किया गया है। इस नेटवर्क के जरिए करीब 70 हजार परिवारों को डीपीएनजी सेवाओं से जोड़ने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

कोटा कलेक्टर पीयूष समरिया ने निर्देश दिए हैं कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन नेटवर्क तैयार हो चुका है, वहां प्राथमिकता से डीपीएनजी कनेक्शन जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसी कॉलोनियों को एलपीजी मुक्त जोन के रूप में विकसित करना है, जहां पाइपलाइन गैस सुविधा उपलब्ध हो।

कलेक्टर ने आरएसजीएल को निर्देश दिए कि कॉलोनियों में जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को डीपीएनजी कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया जाए।

साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, ढाबों, हॉस्टलों और रेस्टोरेंट्स तक भी गैस सुविधा का विस्तार किया जाए।

आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक विनय पाटनी ने बताया कि पाइपलाइन गैस सुविधा सस्ती, सुरक्षित और 24x7 उपलब्ध रहने वाली हरित ऊर्जा का विकल्प है। उन्होंने लोगों से एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम कर डीपीएनजी से जुड़ने की अपील की।

बैठक में आरएसजीएल के अधिकारियों ने शहर में पाइपलाइन विस्तार और सीएनजी स्टेशनों की स्थिति की जानकारी भी दी।

इस दौरान उपमहाप्रबंधक सीपी चौधरी, विवेक रंजन और विवेक श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

प्रशासन का मानना है कि डीपीएनजी सुविधा के विस्तार से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि शहर में स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित