जन्मदिन पर अनूठा उपहार, 11 साल की हिताक्षी ने कैंसर मरीजों के लिए दान किए केश

 


चित्तौड़गढ़, 22 मई (हि.स.)। कैंसर पीड़ितों के लिए सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए चित्तौड़गढ़ की एक छात्रा हिताक्षी साहू ने अपने 11वें जन्मदिन पर केश दान किया। डॉ. पूजा राजोरा की पुत्री हिताक्षी की इस उम्र में मानवता के प्रति सोच प्रेरणादायक है। यह बाद अब कैंसर पीड़ितों के लिए विग बनाने के लिए संस्था के माध्यम से भेजे जाएंगे।

नन्हीं बालिका हिताक्षी के साथ समाजसेवी उमा शर्मा और रीना खोईवाल ने भी इस पुनीत कार्य में केश दान कर सहयोग दिया। इस केश दान में मीरानगरी स्थित सैलून की सुनीता मालू का सहयोग रहा। इस दौरान एडवोकेट दीपक राजोरा भी उपस्थित थे। हिताक्षी की मां डॉ पूजा राजोरा ने बताया कि यह हेयर डोनेशन “द प्रोग्रेसिव नेशन” संस्था के अभियान के तहत किया गया। संस्था की सह-संस्थापक पारुल वर्डिया के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में 12 इंच लंबे बाल लिए जाते हैं। इनसे कैंसर उपचार के दौरान बाल खो चुके मरीजों के लिए विग तैयार की जाती है।

संस्था ने पूरे किए 50 डोनेशन

संस्था की और से अब तक कुल 50 हेयर डोनेशन पूरे किए जा चुके हैं। सभी दानदाताओं ने समाज के अन्य लोगों से भी इस नेक कार्य में आगे आने का आह्वान किया। यह पहल कैंसर मरीजों को आत्मविश्वास देने के साथ उनके जीवन में नई उम्मीद भी जगाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल