साठ फीट गहरे कुएं से स्ट्रीट डॉग का 18 घंटे बाद सफल रेस्क्यू, पेश की मानवता की मिसाल

 


चित्तौड़गढ़, 09 अप्रैल (हि.स.)। चित्तौड़गढ़ शहर के पावटा चौक स्थित हजारेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में गुरुवार को मानवता और साहस का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। यहां एक सूखे और करीब 60 फीट गहरे कुएं में गिरे स्ट्रीट डॉग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करीब 18 घंटे तक डॉग सूखे कुएं में पड़ा रहा। मंदिर के पंडितों ने वन्य जीव प्रेमियों को सूचना तथा कुवे में खाने की व्यवस्था की।

जानकारी के अनुसार हजारेश्वर महादेव मंदिर के पास एक सूखा कुआ है। इसमें बुधवार शाम को एक स्ट्रीट डॉग गिर गया था। इसकी जानकारी मंदिर के पंडितों को मिली। मंदिर के आचार्य श्रवण सामवेदी ने वन्य जीव प्रेमी को सूचना की। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान नहीं हो पाया। इस पर गुरुवार सुबह चित्तौड़गढ़ वन्य जीव एवं पर्यावरण संरक्षण समिति के अध्यक्ष मनीष तिवारी से पुनः संपर्क किया। इन्हें बताया कि मंदिर क्षेत्र के गहरे कुएं में एक डॉग गिर गया है। सूचना मिलते ही टीम के सदस्य मुबारिक खान, पियूष कांबले और कन्हैया लाल तुरंत मौके पर पहुंचे। कुआ गहरा और संकरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण था। बावजूद इसके टीम ने पूरी सतर्कता और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान सीढ़ी, रस्सी और सेफ्टी बेल्ट जैसे उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। टीम के एक सदस्य को सुरक्षा बेल्ट के सहारे कुएं में उतारा गया और कड़ी मशक्कत के बाद डरे-सहमे डॉग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद डॉग को प्राथमिक उपचार दिया गया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। वन्य जीव प्रेमी टीम ने बाद में श्री हजारेश्वर महादेव मंदिर के श्रीमहंत चंद्रभारती महाराज से आशीर्वाद ली। महंत ने टीम के इस सेवा कार्य की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल