जिला अस्पताल के डॉक्टर का जयपुर में चेकअप के दौरान हार्ट अटैक से निधन
दौसा/जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। दौसा जिला अस्पताल में कार्यरत 40 वर्षीय डॉक्टर डॉ. हिमांशु शर्मा का शुक्रवार को जयपुर में संदिग्ध हालात में हार्ट अटैक से निधन हो गया। सीने में दर्द की शिकायत होने पर वे पत्नी के साथ अस्पताल जांच कराने पहुंचे थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक को मौत का कारण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को डॉ. हिमांशु शर्मा अपने जयपुर स्थित निवास पर थे। सुबह करीब 10 बजे सीने में दर्द होने पर उनकी पत्नी डॉ. अर्पणा शर्मा उन्हें मालवीय नगर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचीं। जांच के दौरान उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई और चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
परिजनों के अनुसार, डॉ. हिमांशु को दो दिन पहले भी सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। उन्होंने इसे सामान्य परेशानी समझकर दवा ले ली थी और एहतियात के तौर पर छुट्टी लेकर जयपुर चले गए थे। डॉ. अर्पणा शर्मा जयपुरिया राजकीय अस्पताल में चिकित्सक के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में उनकी दो बेटियां हैं।
दौसा जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. मीणा ने बताया कि शुक्रवार को डॉ. हिमांशु शर्मा के असामयिक निधन की सूचना मिली। वे वर्ष 2023 से दौसा जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे और अपने मिलनसार एवं हंसमुख स्वभाव के कारण मरीजों तथा अस्पताल स्टाफ के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा जगत ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई गई है।
अंतिम चिकित्सीय रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित