उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने की उदयपुर में विकास कार्यों की समीक्षा

 


उदयपुर, 05 मई (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मंगलवार को उदयपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि बजट घोषणाओं को निर्धारित समय सीमा में धरातल पर उतारना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए और उपलब्ध बजट का प्रभावी व पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आमजन तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने, नवाचारों को बढ़ावा देने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग के साथ जवाबदेही तय करना भी आवश्यक है, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए और क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर राजसमंद सांसद महिमा कुमारी, नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलचंद मीणा, गोगुंदा विधायक प्रताप लाल गमेती, धरियावद विधानसभा प्रत्याशी कन्हैया लाल मीणा तथा डूंगरपुर विधानसभा प्रत्याशी बंशीलाल कटारा सहित उदयपुर संभाग के विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में उपमुख्यमंत्री ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास की गति तेज करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता