भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सुरेन्द्र सिंह ने सफाईकर्मियों के साथ मनाई दीपावली, एक पंक्ति में बैठकर किया भोजन

 




बीकानेर, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पार्षद डॉ. सुरेन्द्र सिंह ने अनूठी पहल करते हुए वार्ड नंबर 13 के स्वच्छता सेनानियों के साथ अपने निजी निवास पर दीपावली भोज का आयोजन किया। नगर निगम चुनाव में भाजपा के महापौर प्रत्याशी रहे डॉ. सिंह ने सफाईकर्मियों को अपने परिवार का हिस्सा बताते हुए उनके साथ एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन किया। इस दौरान उनकी पत्नी ने सभी कर्मचारियों को भोजन परोसा।

डॉ. सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वच्छता सेनानी शहर के असली नायक हैं। त्योहार के दिन भी वे सुबह पांच बजे से शहर की सफाई में जुट जाते हैं। उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि ये उनके परिवार का हिस्सा हैं, इसलिए दीपावली का पहला भोज अपनों के साथ करने का निर्णय लिया।

इस दौरान स्वच्छता सेनानियों ने वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के लिए नई भर्ती करने और काम के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी। कर्मचारियों का कहना था कि बढ़ती जनसंख्या और परिवारों की संख्या के अनुपात में वार्ड में सफाईकर्मियों की संख्या कम है। उन्होंने दस्ताने, जूते, मास्क और वर्दी नियमित रूप से उपलब्ध कराने की भी मांग की।

डॉ. सिंह ने स्वच्छता सेनानियों से अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने और परिवार की अगली पीढ़ी को शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य देने का आह्वान किया। उन्होंने कर्मचारियों से अपने स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव