रोशनी से जगमगाया राजस्थान, घर-घर गूंजे पटाखे; मंदिरों में विशेष श्रृंगार के साथ लक्ष्मी पूजन

 


जयपुर, 08 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में रविवार को दीपावली का पर्व उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेशभर में दीपोत्सव की रौनक छाई हुई है। शहरों के बाजार आकर्षक रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से जगमगा रहे हैं। घरों और मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं। दिन में बाजारों, दुकानों और कार्यालयों में लक्ष्मी पूजन के बाद शाम को घरों और प्रतिष्ठानों में भी विधि-विधान से माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जा रही है। आतिशबाजी के बीच प्रदेशभर में दीपावली का उत्सवी माहौल नजर आ रहा है।

उदयपुर के भटियाणी चौहट्टा स्थित ऐतिहासिक महालक्ष्मी मंदिर में दीपावली के अवसर पर माता महालक्ष्मी का विशेष श्रृंगार किया गया। माता को करीब सवा आठ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों से तैयार विशेष पोशाक धारण कराई गई। कमल के फूलों से भी माता का आकर्षक श्रृंगार किया गया।

जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लक्ष्मी पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के साथ पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूजन के दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और सांसद मंजू शर्मा भी मौजूद रहे।

जयपुर के आमेर में दीपावली पर एक अनूठी धार्मिक परंपरा देखने को मिली। यहां महालक्ष्मी पूजन से पहले नर हाथी वीरू को भगवान गणेश का स्वरूप मानकर आमंत्रित किया गया। उसका तिलक कर रोली-मोली बांधी गई और विधि-विधान से पूजन किया गया। पूजन कराने वाले राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि दीपावली पर महालक्ष्मी पूजन से पहले भगवान गणेश को आमंत्रित करने की परंपरा है। इसी भावना से हाथी वीरू का पूजन किया गया। धार्मिक मान्यताओं में हाथी को भगवान गणेश का प्रतीक माना जाता है।

दीपावली पर सीकर के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में भी विशेष सजावट की गई है। मंदिर को दीपावली की थीम पर सजाया गया है। यहां भगवान श्याम की प्रतिमा के ठीक ऊपर हाथियों पर सवार माता लक्ष्मी की आकर्षक झांकी सजाई गई है।

पंचांग के अनुसार रविवार को लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:49 बजे से रात 10:37 बजे तक बताया गया है। इसके अलावा रात 12:43 बजे से सुबह 3:31 बजे तक भी पूजन का मुहूर्त है। सर्वेश्वर जयादित्य पंचांग के अनुसार शाम 5:34 से 7:58 बजे और रात 12:36 से मध्यरात्रि 2:53 बजे तक लक्ष्मी पूजन का शुभ समय बताया गया है।

दीपावली पर घरों और प्रतिष्ठानों में माता लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश, माता सरस्वती और कुबेर की पूजा की जा रही है। व्यापारी वर्ग अपने बही-खातों, पेन, कंप्यूटर और तिजोरियों का पूजन कर नए कारोबारी वर्ष की शुरुआत कर रहा है। घी के दीपक जलाकर आरती की जा रही है और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित