दिवेर विजय महोत्सव के समापन शनिवार को, केन्द्रीय मंत्री शेखावत और उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा आएंगे

 




उदयपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ में चल रहे 10 दिवसीय ‘दिवेर विजय महोत्सव’ का भव्य समापन समारोह शनिवार को होगा। समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत होंगे। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा उपस्थित रहेंगे।

महोत्सव के संयोजक रमन सूद ने बताया कि समापन समारोह प्रताप गौरव केन्द्र परिसर स्थित कुम्भा सभागार में सायं 4:00 बजे से शुरू होगा। समारोह की अध्यक्षता सिक्योर मीटर्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं न्यासी ‘धरोहर’ संजय सिंघल करेंगे, जबकि नगर निगम उदयपुर के महापौर पारस सिंघवी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

सह संयोजक हरीश राजानी ने बताया कि समापन समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक शुक्ल व अन्य कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। उन्होंने बताया कि समापन से पूर्व शनिवार को राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता होगी। इसमें संभाग स्तर पर जीतकर आने वाले प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का परिचय देंगे।

—महोत्सव के सहसंयोजक डॉ. देवेन्द्र श्रीमाली ने बताया कि राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर चेतना कुंवर प्रथम, खुशबू कुंवर सुवावत द्वितीय व शोभा भोई तृतीय रहीं। दिव्या सनाढ्य व खुशी कुमारी सेन को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। महाविद्यालय स्तर पर वर्धमान खुला विश्वविद्यालय डूंगरपुर की प्रीतम सेवक प्रथम, सुखाड़िया विश्वविद्यालय के अजय नागदा द्वितीय, मांउट आबू सिरोही की दीक्षिता कुंवर तृतीय रहीं। सुविवि की नैना वाधवानी व शिव प्रकाश वर्मा को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। मुक्त श्रेणी में परिष्कार कॉलेज जयपुर के विशाल पालीवाल, विद्या भवन के चतुर्भुज गायरी, सीमा कुमारी, सिरोही की पिंकी गायरी व फलासिया के मुकेश तेली को पुरस्कार के लिए चुना गया।

—प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि दिवेर विजय महोत्सव के तहत तैयार किए गए नुक्कड़ नाटक 'दिवेर का रणघोष' का शुक्रवार को दो स्थानों पर मंचन किया गया। दोपहर में मीरा कन्या महाविद्यालय और सांध्य वेला में शिल्पग्राम के समीप स्थित सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केन्द्र (सीसीआरटी) के नवीन परिसर में देश भर से आए शिक्षकों और छात्रों के समक्ष इसका मंचन किया गया। शनिवार को भी दो स्थानों पर इसका मंचन किया जाएगा। दोपहर में वीबीआरआई और शाम को समापन समारोह में इसका मंचन किया जाएगा।

—दिवेर विजय महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रताप गौरव केंद्र में सात दिवसीय विशेष पुरालेख, पुरालिपि, फारसी, फिल्म आदि कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। फिल्म कार्यशाला संयोजक अरविंद चौधरी ने बताया कि कार्यशाला में दिल्ली और मुंबई से आए विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा निर्देशन, छायांकन (सिनेमाटोग्राफी), संपादन (एडिटिंग), ध्वनि संयोजन और अभिनय जैसे मुख्य घटकों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अरविंद चौधरी, अमन भाटिया, संदीप, परविंदर सिंह और अमिताभ श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को सिनेमा के तकनीकी और कलात्मक पहलुओं की जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान भारतीय सिनेमा, कला और संस्कृति पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। इसमें बताया गया कि सिनेमा केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज, लोक-परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के तहत नियमित रूप से 7 चुनिंदा फिल्मों का प्रदर्शन और उनकी गहन समीक्षा भी की गई।

—दिवेर विजय महोत्सव के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय चित्रकला कार्यशाला में देशभर के प्रसिद्ध कलाकारों ने मेवाड़ के समृद्ध इतिहास और संस्कृति को अपनी कूंची से कैनवास पर उकेरा। कार्यशाला संयोजक प्रो. रामसिंह भाटी ने बताया कि इसमें विभिन्न राज्यों के चित्रकारों ने अद्भुत कलाकृतियों का सृजन किया। कार्यशाला में कलाकार सुनील कुमार विश्वकर्मा ने राजस्थान के चटक रंगों और लयात्मक रेखाओं के साथ 'भवाई नृत्य' की मनमोहक भाव-भंगिमाओं को दर्शाया। बुलंदशहर के दुर्जन सिंह राणा ने हाड़ी रानी द्वारा अपना शीश काटकर देने के बाद राणा रतन सिंह की मनोदशा का भावुक अंकन किया। पश्चिम बंगाल के दीपंकर रे ने गणगौर त्योहार, महल, झीलों और दूरदर्शन लघुता के सुंदर संयोजन से मेवाड़ की संस्कृति को चित्रित किया। वहीं महाराष्ट्र के अभिषेक आचार्य ने बप्पा रावल और हारित ऋषि की जंगल में ऐतिहासिक मुलाकात को कैनवास पर पिरोया, जिसमें एकलिंगजी की स्थापना का मार्गदर्शन दर्शाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता