जिला स्तरीय मेघ ऋषि जयंती की तैयारियां जोरों से

 


जोधपुर, 08 जून (हि.स.)। भगवान मेघ ऋषि की जयंती के उपलक्ष्य में मेघवाल समाज द्वारा पहली बार जिला स्तर पर आयोजन किया जाएगा। जयंती समारोह को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और गांवों से लेकर शहर तक व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर बिसलपुर में आयोजित आमसभा में आयोजन की रूपरेखा तय की गई। सभा को संबोधित करते हुए सोहनलाल लखानी ने कहा कि मेघ या मेग भारत का एक अत्यंत प्राचीन राजनीतिक एवं सांस्कृतिक जातीय समूह है। उनके आराध्य देव भगवान मेघ ऋषि की जयंती पहली बार जोधपुर में जिला स्तरीय स्तर पर मनाई जा रही है, जिसे लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन की सफलता के लिए गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। समाजसेवी कालूराम सोनेल ने बताया कि मेघ ऋषि जयंती के अवसर पर हजारों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर कलश यात्रा में भाग लेंगी। इसके साथ ही कपड़ा बुनाई कला के जनक माने जाने वाले मेघ ऋषि की विशेष झांकी आकर्षण का केंद्र होगी।

मेघवाल समाज के संत-महापुरुषों के जीवन एवं उनके योगदान को दर्शाने वाली झांकियों के माध्यम से समाज को उनके इतिहास और आदर्शों से परिचित कराया जाएगा। बैठक में पूर्व विधायक हिराराम मेघवाल, नथमल खीची, रमेश पंवार, सरपंच आईदानराम मेघवाल, गणपतराम मेहरा, नरपत पनु, मोहनलाल कटारिया, पंचायत समिति सदस्य पारसराम, नरसिंहराम काला, जगदीश परिहार, ओमप्रकाश गांधी, बीआर इणकिया, सोमाराम पंवार, रामेश्वर तालणिया, कमला बुगालिया तथा एडवोकेट कन्हैयालाल चौहान सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश