भीषण गर्मी से राहत और जनकल्याण योजनाओं पर सरकार का फोकस: देथा
जोधपुर, 18 जून (हि.स.)। जिले के प्रभारी सचिव भवानी सिंह देथा ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार आमजन को राहत पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। पेयजल व्यवस्था, सेवा शिविरों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की लगातार समीक्षा की जा रही है। देथा गुरुवार को जोधपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी प्रभारी सचिव शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का नियमित निरीक्षण कर उनकी प्रगति का आंकलन कर रहे हैं। विभिन्न विभागों की टीमें सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य कर रही हैं ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर राजस्थान सरकार विशेष प्रयास कर रही है। राज्य का लक्ष्य योग दिवस आयोजन में देश में अग्रणी स्थान प्राप्त करना है। उन्होंने मीडिया, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और आमजन से अधिकाधिक भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।
प्रभारी सचिव ने बताया कि 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर भी प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं तथा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। पेयजल संकट के संबंध में उन्होंने कहा कि जोधपुर में कुछ समय के लिए जलापूर्ति में व्यवधान आया था, लेकिन अब स्थिति में सुधार हो रहा है। पहले जहां जलापूर्ति में पांच से छह दिन का अंतराल हो रहा था, वहीं अब 48 घंटे के भीतर जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया जाएगा।
देथा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाना है। साथ ही गर्मी से होने वाली बीमारियों और अन्य समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश