ग्राम रथ अभियान के तहत विकास रथों को जिला कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी, विधानसभा वार किए रवाना

 


चित्तौड़गढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने मंगलवार को जिला मुख्यालय से ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है।

जिला कलक्टर ने इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब आमजन की सहभागिता बढ़ेगी और उन्हें योजनाओं की सही एवं पूर्ण जानकारी प्राप्त होगी। ग्राम रथ अभियान के तहत आगामी 15 दिनों तक जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 13 विभागों की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्राम स्तर तक पहुंचाई जाएगी। इसके माध्यम से किसानों, पशुपालकों, युवाओं एवं महिलाओं को विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, एसीईओ राकेश कुमार पुरोहित, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार, संयुक्त निदेशक पशुपालन, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला उद्योग अधिकारी, अधीक्षण अभियंता एवीवीएनएल, पीएचईडी के अधिशासी अभियंता, जिला खेल अधिकारी, को ऑपरेटिव बैंक के प्रतिनिधि, उन्नत कृषक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के लिए विधानसभावार रूट चार्ट तैयार किया गया है, जिसके अनुसार विकास रथ गांव-गांव पहुंचेंगे। रथों के साथ कला जत्थों के कलाकार भी रहेंगे, जो सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का संदेश देंगे। एलईडी वैन के जरिए योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा तथा रथों की लाइव लोकेशन और फोटो-वीडियो विभागीय ऐप पर अपलोड किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त रथों के साथ सुझाव पेटियां भी रखी गई हैं, जिनमें ग्रामीण अपने सुझाव दर्ज कर सकेंगे, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक सुधार किया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल