सांसद जोशी बोले, विकसित भारत संकल्प व राम से जुड़ी योजनाओं पर कांग्रेस की आपत्ति दुर्भाग्यपूर्ण

 


चित्तौड़गढ़, 13 जनवरी (हि.स.)। भाजपा की और से वी बी जी रामजी एवं विकसित भारत संकल्प को लेकर सांसद जनसुनवाई केन्द्र पर पत्रकार वार्ता हुई। इसमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनने से रोकने के लिए कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार भ्रम फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भारत दुनिया पर निर्भर रहा। आज वही कांग्रेस विकसित भारत, 2047 के राष्ट्रीय विजन और वी बी जी रामजी योजना के प्रभु श्रीराम से जुड़े नाम पर आपत्ति जता रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, अदालतों में हलफनामे दिए, उन्हें आज राम और रामराज्य की परिकल्पना से इतनी परेशानी क्यों हो रही है। सांसद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की और से लिया गया 2047 तक विकसित भारत का संकल्प आज के भारत की आवश्यकताओं के अनुरूप है। समय-समय पर योजनाओं में किए गए सुधार उनकी प्रासंगिकता को और मजबूत करते हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी को हर सकारात्मक पहल से तकलीफ होती है। सांसद जोशी ने कहा कि

जब लोकसभा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीबीजी रामजी का के नाम में सुधार और नाम परिवर्तन को लेकर प्रस्तुति दी, तब कांग्रेस नेताओं ने इसका भी विरोध किया। भाजपा ने सवाल किया कि जिनका महात्मा गांधी के आदर्शों से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं रहा, वे ‘गांधी’ नाम का राजनीतिक उपयोग क्यों करते हैं। सांसद जोशी ने कहा कि गरीब, किसान, श्रमिक और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सशक्तिकरण के लिए यदि किसी ने वास्तविक कार्य किया है तो वह मोदी सरकार है। मनरेगा को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि रोजगार गारंटी योजना का नाम कांग्रेस सरकार ने कई बार बदला। राष्ट्रीय रोजगार योजना, नरेगा और चुनाव के समय मनरेगा। अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष भी मानती है कि भारत में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। सांसद जोशी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की जनता का विश्वास खो चुकी है। इसलिए वह हर राष्ट्रहित की योजना का विरोध कर रही है। देश की जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और विकसित भारत के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ी है। बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ ने कहा कि वी बी जी रामजी योजना के अंतर्गत अब 100 दिन के स्थान पर 125 दिन श्रम का रोजगार दिया जा रहा है, जो श्रमिक हित में एक बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय है। सरकार द्वारा इस योजना में कांग्रेस सरकार की तुलना में अधिक पारिश्रमिक प्रदान किया जाएगा। इससे श्रमिकों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकेगा। उन्होंने कहा कि योजना में 60 दिन की अवधि का भी व्यावहारिक और जनहितकारी उपयोग जाना चाहिए जिसके लिए वे सांसद सीपी जोशी, जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी के साथ मिल कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का ध्यान आकृष्ट करेंगे। इस दौरान जिला महामंत्री एवं वी बी जी रामजी अभियान के जिला संयोजक हर्षवर्धन सिंह रूद ने भी संबोधित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला महामंत्री रघु शर्मा, संभाग सह मीडिया प्रभारी सुधीर जैन, जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक, अभियान के जिला सह संयोजक अनिल ईनाणी, कमलेन्द्र सिंह हाड़ा, जिला सह मीडिया प्रभारी लोकेश त्रिपाठी, कृष्णपाल सिंह चुंडावत, आईटी सह संयोजक आशिष शर्मा आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल