शिक्षा मंत्री ने की जनसुनवाई, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

 


जोधपुर, 12 मई (हि.स.)। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) एवं पंचायती राज मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने पंचायत समिति बावड़ी की ग्राम पंचायत खेड़ापा में आयोजित कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है तथा ग्राम रथ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। दिलावर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई आयोजित की जाए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को गांवों में जाकर आमजन से संवाद करना चाहिए ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों द्वारा पेयजल संबंधी समस्याएं उठाए जाने पर प्रभारी मंत्री ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से मौके पर ही वार्ता कर वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा यह आमजन का अधिकार है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

दिलावर ने ग्रामीणों को सुझाव पेटिका में अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नीति निर्माण में आमजन की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आमजन से प्राप्त सुझाव सरकार के लिए उपयोगी साबित होंगे तथा योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक बनेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश