नवप्रवेशित विद्यार्थियों को किया नवाचार के लिए प्रेरित
जोधपुर, 18 सितम्बर (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर के अंतर्गत प्रौद्योगिकी एवं कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय जोधपुर में बी.टेक., कृषि अभियांत्रिकी प्रथम वर्ष, प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-27) में नवप्रवेशित विद्यार्थियों हेतु दीक्षारंभ इंडक्शन-कम-फाउंडेशन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संकाय अध्यक्ष प्रो. जे.आर. वर्मा रहे। इस अवसर पर छात्र कल्याण निदेशक प्रो. एस.आर. कुमावत, मानव संसाधन विकास निदेशक डॉ. महेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. दुर्गा प्रसाद एवं सीटीएई अधिष्ठाता प्रो. एम.एम. कुमावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। तत्पश्चात अधिष्ठाता प्रो. एम.एम. कुमावत ने स्वागत भाषण दिया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. दिगंबर सिंह ने दीक्षारंभ कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम एवं नवाचार के साथ अपनी शिक्षा यात्रा प्रारंभ करने प्रेरित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. आशीष पंवार द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नरेंद्र ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर इंजी. कनुप्रिया चौधरी द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बेझिझक अपने प्रश्न रखे।
उल्लेखनीय है कि इस दो सप्ताह के कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रवृत्ति, प्लेसमेंट, पुस्तकालय एवं हॉस्टल सुविधाओं के साथ-साथ रैगिंग विरोधी नियमों, साइबर सुरक्षा, योग एवं व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों से अवगत कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को आईआईटी जोधपुर, सीएजेडआरआई सहित अन्य प्रमुख संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण पर भी ले जाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 6 अक्टूबर को होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश