रेलवे पास व्यवस्था का डिजिटलाइजेशन, सभी पास केवल ऑनलाइन होंगे जारी
जोधपुर, 15 जून (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए पास जारी करने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए इसे पूरी तरह डिजिटल कर दिया है। अब प्रिविलेज पास, पीटीओ, पोस्ट रिटायरमेंट कॉम्प्लिमेंटरी पास, पोस्ट-डेथ पास, रिटायरमेंट, विधवा पास तथा दिव्यांग कर्मचारियों एवं पेंशनरों से संबंधित सभी पास केवल एचआरएमएस (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) के ई-पास/पीटीओ मॉड्यूल के माध्यम से ही जारी किए जाएंगे। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी श्रेणी में कागजी (मैन्युअल) पास जारी नहीं होंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में यह नई व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य पास जारी करने की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और पूरी तरह पेपरलेस बनाना है। नई प्रणाली के तहत कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, विधवा लाभार्थी और पात्र आश्रित एचआरएमएस पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के जरिए आवेदन कर सकेंगे। पात्रता सत्यापन के बाद पास ऑनलाइन जारी होगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट लिया जा सकेगा तथा टिकट बुकिंग में उपयोग किया जा सकेगा।
रिटायरमेंट और विधवा श्रेणी के पास के लिए आवेदन करते समय पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) की प्रति, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, स्वयं, पत्नी एवं आश्रितों के आधार कार्ड (मूल व फोटोकॉपी), लाल रंग का एफआईसी कार्ड तथा पूर्व में जारी पास की प्रति उपलब्ध करानी होगी। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के पास अनुभाग में सेवानिवृत्त कर्मचारी अथवा उनके आश्रित आवश्यक दस्तावेजों के साथ संपर्क करते हैं तो एचआरएमएस के माध्यम से पास जारी करने में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश