डिग्गी पदयात्रा में हादसा टला: बावड़ी में डूबे पदयात्री को कांस्टेबल ने बचाया

 


जयपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। श्री डिग्गी कल्याण जी महाराज की 61वीं लक्खी पदयात्रा के दौरान गुरुवार को जयपुर ग्रामीण जिले के फागी में बड़ा हादसा टल गया। जहां सीताराम जी मंदिर के पास बावड़ी में नहाते समय पैर फिसलने से 18 वर्षीय पदयात्री गहरे पानी में डूबने लगा। वहां मौके पर तैनात कांस्टेबल ने वर्दी में ही बावड़ी में छलांग लगाकर उसकी जान बचा ली।

जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि गोविंदगढ़ के निवाना निवासी दिव्यांश (18) पदयात्रा में शामिल था। फागी में सीताराम जी मंदिर के पास बावड़ी की सीढ़ियों पर नहाते समय अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा। उसे डूबता देखकर पदयात्रियों ने शोर मचाकर मदद मांगी। आवाज सुनकर पदयात्रा की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय दूदू के कांस्टेबल मुकेश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए वर्दी सहित बावड़ी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद दिव्यांश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कांस्टेबल की तत्परता और साहस की मौके पर मौजूद पदयात्रियों और दिव्यांश के परिजनों ने सराहना की। पदयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा, वृत्ताधिकारी फागी अनिल कुमार डोरिया और थानाधिकारी पुष्पेन्द्र बंसीवाल की निगरानी में की जा रही है।

गौरतलब है कि 61वीं डिग्गी पदयात्रा 18 अगस्त को जयपुर के ताड़केश्वर मंदिर से रवाना हुई थी और 22 अगस्त को टोंक जिले के श्री डिग्गी कल्याण मंदिर पहुंचेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश