जनगणना कार्य में दिव्यांग प्रगणक ने पेश की मिसाल
जोधपुर, 02 जून (हि.स.)। जनगणना 2027 के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण कार्य में जोधपुर तहसील के बोरावास गांव के प्रगणक दिनेश कुमार ने अपने ब्लॉक का मकान सूचीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। विशेष बात यह है कि दिनेश गुर्जर दिव्यांग होने के बावजूद अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जोधपुर तहसील में यह कार्य सबसे पहले पूरा करने वाले प्रगणक बने हैं।
इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के लिए दिनेश कुमार ने स्वयं सहमति प्रदान की थी और पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्व का निर्वहन किया। उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए आज अतिरिक्त जिला कलक्टर (एडीएम) जवाहर चौधरी ने उन्हें सम्मानित किया तथा प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर दिनेश कुमार के सुपरवाइजर समंदर सिंह एवं संबंधित चार्ज गणना अधिकारी को भी उनके सहयोग एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश