रील के चक्कर में मौत से खेल! गोरमघाट में चलती ट्रेन पर युवकों के खतरनाक स्टंट
पाली, 03 अगस्त (हि.स.)। सोशल मीडिया पर रील बनाने की सनक युवाओं की जान पर भारी पड़ती नजर आ रही है। पाली जिले के प्रसिद्ध गोरमघाट रेल खंड में कुछ युवकों ने चलती ट्रेन पर खतरनाक स्टंट कर अपनी जान जोखिम में डाल दी। स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया है और वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो में युवक चलती ट्रेन के दरवाजों से बाहर लटकते, फुटबोर्ड (पायदान) पर खड़े होकर सफर करते और ट्रेन के बाहरी हिस्से को पकड़कर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ युवक ट्रेन के सामने रेलवे ट्रैक पर खड़े नजर आए और ट्रेन बिल्कुल नजदीक आने पर वहां से हटे। इन लापरवाह हरकतों ने यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह घटना गोरमघाट-कामलीघाट रेल खंड की है, जो अपने ऊंचे पुलों, गहरी खाइयों और संकरी सुरंगों के कारण बेहद संवेदनशील माना जाता है। ऐसे क्षेत्र में जरा सी चूक भी सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरने जैसे बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (डीसीएम) मिहिर देव ने बताया कि चलती ट्रेन में इस तरह के स्टंट करना रेल अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने के साथ जुर्माना लगाने की कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि कुछ लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए अपनी जान जोखिम में डालना किसी भी कीमत पर उचित नहीं है।
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजू भूतड़ा ने अधिकारियों को स्टंट करने वाले युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का जोखिम भरा कदम न उठाएं और यदि कोई व्यक्ति चलती ट्रेन में स्टंट करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित