एमडीएम हॉस्पिटल की अनूठी पहल : बच्चों के डायलिसिस का डर भगाने के लिए यूनिट में बना गेम जोन

 


जोधपुर, 24 जुलाई (हि.स.) । शहर के मथुरादास माथुर अस्पताल की डायलिसिस यूनिट में बाल मरीजों के तनाव को कम करने के लिए एक नए नवाचार के तहत गेम जोन की शुरुआत की गई है।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने इस विशेष सुविधा का शुभारंभ किया, जो नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राठौर की देखरेख में संचालित होगी। डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि यूनिट में हर एक-दो दिन में दो से तीन बच्चे डायलिसिस कराने आते हैं; उन्हें आरामदायक माहौल देने, मन लगाने और बिना किसी मानसिक भय के प्रक्रिया पूरी कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाई का माहौल देने के लिए खिलौनों के साथ स्कूली पुस्तकें भी रखी गई हैं, ताकि वे अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान केंद्रित कर सकें।

इस खास मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राठौर ने अंगदान महादान के संकल्प पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यदि इन मासूम बच्चों को अंगदान करने वाला दाता मिल जाए, तो उनकी जिंदगी काफी आसान हो सकती है और अंगदान से इन बच्चों को नई जिंदगी मिल सकती है।

इस कार्यक्रम में डॉ. जगदीश के साथ-साथ काउंसलर नीलोफर और नर्सिंगकर्मी मनीष सिंह, तनवीर सिंह, सुशीला चौधरी, चंद्रकांता बालोटिया, देवीलाल चौधरी और जितेंद्र चौधरी सहित कई स्वास्थ्यकर्मी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश