आयुर्वेद विश्वविद्यालय में समस्या समाधान के लिए विद्यार्थियों से संवाद
जोधपुर, 01 सितम्बर (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के सेमिनार हॉल में छात्र-छात्राओं की शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की छात्र शिकायत निवारण विनियम-2023 के अंतर्गत विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त लोकपाल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद जयपुर की पूर्व प्रो-वाइस चांसलर प्रोफेसर मीता कोटेचा ने विद्यार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव लोकपाल के समक्ष रखे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की लोकपाल प्रोफेसर मीता कोटेचा ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं उचित समाधान विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। ऐसे संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी बात सीधे रखने का अवसर प्रदान करते हैं तथा संस्थान में पारदर्शी एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा नियमानुसार उनके समाधान की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर गोविन्द सहाय शुक्ल ने कहा कि छात्र हितों का संरक्षण एवं प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश