कांग्रेस प्रत्याशी अनीशा जाटव बनीं धौलपुर की जिला प्रमुख
धौलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत जिला प्रमुख पद के लिए हुए निर्वाचन में कांग्रेस प्रत्याशी अनीशा जाटव को जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित किया गया है। विजयी अनीशा जाटव ने कड़े मुकाबले में निर्दलीय सोमवती भास्कर पर एक वोट से जीत दर्ज की।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बीटी ने बताया कि जिला प्रमुख चुनाव की मतगणना में विजयी रहीं अनीशा जाटव को कुल 15 मत प्राप्त हुए, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी सोमवती भास्कर को 14 मत मिले। इस प्रकार अनीशा जाटव एक मत के अंतर से जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। जीत के बाद में विजयी रहीं कांग्रेस की अनीशा जाटव ने जिला प्रमुख का अपना पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष तथा राजाखेडा विधायक रोहित वोहरा एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष तथा बसेडी विधायक संजय कुमार जाटव सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। बताते चलें कि धौलपुर जिला परिषद की 29 सीटों में कांग्रेस ने 21 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। जबकि भाजपा को 5 और बसपा को 3 सीटें मिली हैं। जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा ने अपना कोई भी उम्मीदवार नहीं उतारा है। इसलिए जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी अनीशा जाटव एवं निर्दलीय सोमवती भास्कर के बीच में रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप