धौलपुर में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का मचकुंड धाम से शुभारंभ
धौलपुर, 25 मई (हि.स.)। गंगा दशमी के अवसर पर “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” का उत्सवमयी जिला स्तरीय शुभारंभ जिला प्रभारी सचिव राजन विशाल के मुख्य आतिथ्य में मचकुण्ड धाम पर हुआ। प्रभारी सचिव ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल पूजन तथा कलश पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात मचकुण्ड सरोवर की महाआरती का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव राजन विशाल ने प्रदेश भर में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को प्रदेश के लिए सर्वोपरि जरूरत बताया और कहा कि इससे जल संरक्षण के प्रति व्यापक चेतना का संचार होगा। उन्होंने आमजन को इस अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि जल एक अहम संसाधन है। हमें बस जल निकायों का संरक्षण करना है, जल स्वयं इन स्रोतों में संरक्षित हो जाएगा। यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत संकल्प है। उन्होंने जल के विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संग्रहण को प्रोत्साहन, पारंपरिक जल स्त्रोतों के पुनर्जीवन एवं पर्यावरण संरक्षण को जीवन शैली का हिस्सा बनाने का आह्वान भी किया। प्रभारी सचिव ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। अतिथियों ने मचकुण्ड धाम परिसर पर पीपल का पौधारोपण कर पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ का संदेश भी दिया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद एएन सोमनाथ, उपखण्ड अधिकारी धौलपुर कर्मवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शिवचरण कुशवाह तथा पूर्व एमएलए सुखराम कोली सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप