प्राचीन हनुमान मंदिर में आग लगाकर चोला और पर्दा जलाया
धौलपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के कॉलेज रोड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में गुरूवार देर शाम अज्ञात व्यक्ति द्वारा हनुमान प्रतिमा से चोला उतारकर जलाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद हिंदू संगठनों एवं श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और श्रद्धालु मंदिर पंहुचे। श्रद्वालुओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उधर, मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने मामले की त्वरित जांच की बात कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कॉलेज रोड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हनुमान प्रतिमा पर आकर्षक चोला चढ़ा हुआ था। शाम के समय मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक श्रद्धालु ने भगवान की प्रतिमा से चोला उतरा हुआ तथा चोले को जली हुई अवस्था में देखा श्रद्धालु ने तत्काल घटना की जानकारी मंदिर के पुजारी को दी। प्रारंभिक पडताल में पता चला है कि गुरूवार देर शाम को किसी अज्ञात व्यक्ति ने प्रतिमा से चोला उतारकर मंदिर परिसर में स्थित शिव परिवार के मंदिर के ऊपर रखकर आग लगा दी। इतना ही नहीं अज्ञात समाजकंटक ने मंदिर के पर्दे तथा कुछ धार्मिक किताबों और प्रसाद के नारियलों को भी जला दिया गया। घटना की सूचना आसपास के लोगों एवं हिंदू संगठनों तक पहुंची देखते ही देखते मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए घटना की गंभीरता को देखते हुए हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक एवं जिला कलेक्टर को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलने पर धौलपुर सीओ प्रदीप नेहरा भी पुलिस टीम के साथ में मौके पर पंहुचे तथा हालात का जायजा लिया।
इस संबंध में धौलपुर सीओ प्रदीप नेहरा ने बताया कि प्राचीन हनुमान मंदिर में भगवान हनुमान प्रतिमा से चोला उतारकर जलाए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस मामले में अनुसंधान कर रही है घटना को किसने और किस उद्देश्य से अंजाम दिया, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल घटना को लेकर श्रद्धालुओं एवं हिंदू संगठनों में नाराजगी बनी हुई है। लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और घटना में शामिल व्यक्ति के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप