ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कैमरे लगवाएं, अभय कमांड से जोड़ें : एसपी

 


धौलपुर, 31 मार्च (हि.स.)। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मंगलवार को जिले के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। इस मौके पर पुलिस मुख्यालय व रेंज स्तर द्वारा चलाए जा रहे अभियानों एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन किया गया। मीटिंग में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत व्यापारियों से सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक कैमरे लगवा कर अभय कमांड से जोड़ने व ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ में अधिक से अधिक कार्रवाई करने के दिए निर्देश दिए गए।

एसपी ने लंबित प्रकरणों की थाना वाइज समीक्षा कर सभी पुलिस अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण करने के विशेष तौर पर निर्देश दिए। उन्होंने आदतन अपराधियों को चिन्हित कर नई हिस्ट्रीशीट ओपन करवाने के लिए कार्य करने, चोरी, नकबजनी जैसे अपराधों पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत बनाने की बात कही। सभी पुलिस अधिकारियों को अपने अपने इलाकों में प्रभावी गश्त व नाकाबंदी कर अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की धरपकड़ करने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही थानों एवं कार्यालयों पर आने वाले व्यक्तियों से संवेदनशीलता से व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ प्रकोष्ठ हवा सिंह, वृताधिकारी वृत्त धौलपुर कृष्ण राज जांगिड, वृताधिकारी वृत्त मनियां खलील अहमद, वृताधिकारी वृत्त सैंपऊ अनूप सिंह, वृताधिकारी वृत्त बाड़ी महेन्द्र कुमार व वृताधिकारी वृत्त सरमथुरा नरेन्द्र मीणा सहित ज़िले के सभी थानों के थानाधिकारी गण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप