धौलपुर के निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत,परिजनों ने किया हंगामा

 




धौलपुर, 16 मई (हि.स.)। धौलपुर में एक बार फिर निजी अस्पताल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां प्रसव के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। प्रारंभिक पडताल में सामने आई जानकारी के मुताबिक उक्त अस्पताल बिना अनुमति के संचालित किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलक्टर और सीएमएचओ मौके पर पहुंचे और अस्पताल को सीज कर दिया। इस संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थय विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है।

धौलपुर शहर घंटाघर इलाके में एवीएम स्कूल के पास संचालित श्री ओम हास्पीटल में शुक्रवार को प्रसव के लिए करीब 36 वर्षीय महिला अंगूरी देवी निवासी बिजौली बाडी जिला धौलपुर को भर्ती कराया गया था। शनिवार को प्रसव के बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर श्रीनिधी बीटी और सीएमएचओ धर्मसिंह मीणा भी मौके पर पहुंचे। जिला कलक्टर ने बताया कि शनिवार को श्री ओम हास्पिटल में प्रसूता अंगूरी देवी की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा के नेतृत्व में गठित मेडिकल टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तीन प्रसूताएं भर्ती पाई गईं, जिनका गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. सिद्धार्थ गोयल द्वारा परीक्षण कराया गया तथा बेहतर उपचार हेतु एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय धौलपुर में भर्ती करवाया गया है। निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं एवं अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को देखते हुए जिला कलक्टर के निर्देश पर प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर ही श्री ओम हास्पीटल को सीज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि प्रारंभिक पडताल में जानकारी सामने आई है कि श्री ओम हास्पीटल बिना किसी अनुमति एवं रजिस्ट्रेशन के संचालित किया जा रहा था। पूर्व में भी गंरीर लापरवाही तथा अनियमितताओं के कारण चिकित्सा एवं स्वास्थय विभाग की ओर से इसी श्री ओम हास्पीटल को सीज कर पुलिस में मामला दर्ज कराया गया,जो प्रकरण अभी चल रहा है। बिना रजिस्ट्रेशन एवं अनुमति के हास्पीटल का संचालन गंभीर लापरवाही है तथा इस संबंध में कडी विभागीय कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कार्रवाई के दौरान धौलपुर उपखंड अधिकारी कर्मवीर सिंह एवं एपिडेमियोलॉजिस्ट अखिलेश गर्ग सहित प्रशासनिक एवं चिकित्सा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उधर, पुलिस ने महिला के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है,जहां पर पोस्टमार्टम सहित अन्य कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप