प्रार्थना सभा को प्रभावी एवं संस्कारपरक बनाने की आवश्यकता : शर्मा

 


धौलपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) जिला धौलपुर के तत्वावधान में प्रार्थना सभा एवं “हमारा विद्यालय–हमारा तीर्थ” आयाम पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला रविवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महाराणा धौलपुर में संपन्न हुई। कार्यशाला की अध्यक्षता महासंघ के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने की। इस अवसर पर जिला मंत्री नवनीत प्रिया त्रिपाठी सहित प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यशाला में जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि विद्यालयों में प्रार्थना सभा को प्रभावी, अनुशासित एवं संस्कारपरक बनाने के साथ संगठन की कार्यपद्धति एवं रीति-नीति के अनुरूप सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों का संचालन किया जाना चाहिए। प्रथम सत्र में संदीप कुमार शर्मा ने प्रार्थना सभा के महत्व, बैठक व्यवस्था तथा निर्धारित अनुक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि प्रार्थना सभा विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार, राष्ट्रभावना, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक चेतना के विकास का प्रभावी माध्यम है।

जिला मंत्री नवनीत प्रिया त्रिपाठी ने कहा कि महासंघ द्वारा तैयार की गई “संस्कार सरिता” का विद्यालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। इसके माध्यम से प्रार्थना सभा को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं संस्कारपरक बनाया जा सकता है। द्वितीय सत्र में लोकेंद्र श्रोती ने “हमारा विद्यालय–हमारा तीर्थ” आयाम पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में संगठन की कार्यपद्धति एवं रीति-नीति के अनुरूप विद्यालयों में सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला में आगामी 18 एवं 19 सितम्बर को आयोजित होने वाले शिक्षक सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यशाला में दुर्गेश परमार, जिला महिला उपाध्यक्ष झब्बू लाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बहादुर सिंह, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, जिला संगठन मंत्री राकेश शर्मा एवं खंड धौलपुर ग्रामीण अध्यक्ष प्रदीप त्यागी सहित विभिन्न खंडों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप