मेले प्राचीन भारतीय संस्कृति के प्रतीक : गर्ग

 


धौलपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। नगर परिषद धौलपुर द्वारा आयोजित वार्षिक शरद मेला महोत्सव का आगाज रविवार को हुआ। नगर परिषद सभापति गिरीश कुमार गर्ग ने वैदिक रीति से पूजा अर्चना तथा ध्वजारोहण कर मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर सभापति गर्ग ने कहा कि मेले प्राचीन भारतीय संस्कृति के प्रतीक होते हैं। धौलपुर का शरद मेला भी धौलपुर की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। मेले को अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने के साथ-साथ नागरिकों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। शरद मेला महोत्सव के आयोजन से शहर की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को मनोरंजन एवं पारंपरिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में उप सभापति रेखा माहाैर एवं आयुक्त विष्णु परमार सहित परिषद के वार्ड पार्षदगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप