धौलपुर के रजत बघेल का अंडर-19 भारतीय टीम में चयन

 


धौलपुर, 11 जून (हि.स.)। चंबल की माटी में पले बढ़े धौलपुर के युवा क्रिकेटर रजत बघेल ने अपनी शानदार प्रतिभा और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में जगह बनाई है।

जिला क्रिकेट संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि बीसीसीआई द्वारा घोषित आगामी श्रीलंका दौरे के लिए अंडर-19 भारतीय वनडे टीम में रजत बघेल का चयन किया गया है। रजत बघेल के चयन की खबर मिलते ही धौलपुर के क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले के लिए यह गर्व का क्षण है। क्रिकेट से जुड़े पदाधिकारियों, कोचों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने रजत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। रजत ने अपनी मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन के बल पर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और भारतीय टीम में स्थान बनाने में सफलता प्राप्त की। रजत बघेल अब श्रीलंका दौरे पर भारतीय अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे, जहां उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुमेंद्र तिवारी ने कहा रजत बघेल ने इस उपलब्धि के लिए लगातार कड़ी मेहनत की है। उन्होंने हर स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है और लगातार अभ्यास व समर्पण के बल पर भारतीय अंडर-19 टीम में जगह बनाई है। रजत की यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप