धौलपुर में नौनिहालों को पिलाई जाएगी पोलियो रोधक दवा

 


धौलपुर, 16 जून (हि.स.)। धौलपुर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 28 जून को आयोजित किया जाएगा। अभियान में धौलपुर जिले में करीब दो लाख नौनिहालों को पोलियो रोधक दवा पिलाई जाएगी। धौलपुर जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला टास्क फोर्स की बैठक में पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों पर मंथन किया गया। बैठक में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने सभी संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा शून्य से 05 साल तक बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्हाेंने कहा कि उपखण्ड स्तर पर टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित कर महत्वपूर्ण गतिविधियों की सघन कार्ययोजना बनाकर इनका सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अभियान की सफलता के लिए धर्म गुरुओं से भी अपील करवाएं। शिक्षा विभाग विभाग के अधिकारियों को पल्स पोलियाे अभियान के लिए जिले की समस्त विद्यालय क्षेत्रों स्थानीय शिक्षकों द्वारा गृह संपर्क के दौरान अभियान का प्रचार-प्रसार के करने के निर्देश भी दिए। पोलियो बूथ के लिए चिन्हित शालायें रविवार को भी खोली जाएं। बैठक के दौरान जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि 28 जून को पल्स पोलियो अभियान में 2 लाख से अधिक बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान में 28 जून को बूथ पर तथा अगले दो दिन घर-घर जाकर पोलिया दवा पिलाई जायेगी। अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए सुपरवाईजर्स की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही ट्रांजिट दलों के माध्यम से पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान को सफल बनाने सूक्ष्म कार्ययोजना बनाई गई है। पल्स पोलियो की खुराक जीरो से 5 वर्ष आयु तक के बच्चों को पिलाई जाएगी। बैठक के दौरान जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डाॅ. समरवीर सिंह सिकरवार तथा अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. गौरव मीणा सहित समस्त खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा चिकित्सा अधिकारी प्रभारी मोजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप