महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता : सांगवान
धौलपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। धौलपुर जिला पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को पुलिस लाईन में किया गया। इस दौरान संपर्क सभा, जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन कार्यक्रम हुए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण धौलपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। धौलपुर पुलिस महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी एवं जनहितैषी पुलिसिंग के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सुरक्षित वातावरण स्थापित करने हेतु सतत प्रयास जारी रहेंगे। पुलिस लाईन में संपर्क सभा के दौरान जेंडर सेंसिटाइजेशन, राजकॉप ऐप के प्रभावी उपयोग, महिला बीट अधिकारी योजना, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट तथा महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न नवाचारों एवं कानूनी प्रावधानों पर अधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस कार्मिकों को महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशील एवं पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग अपनाने, शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा महिला सुरक्षा संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसके पश्चात महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम एवं नवीन आपराधिक कानूनों में उनके हितों के लिए किए गए प्रावधानों के संबंध में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं छात्राओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, महिला हेल्पलाइन, आपातकालीन सहायता, महिला अधिकारों तथा कानूनी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, वृताधिकारी वृत्त धौलपुर कृष्ण राज जांगिड एवं अपराध सहायक राम अवतार बैरवा सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप