धौलपुर में पुलिस ने लगाई पांच किलोमीटर मैराथन, फिटनेस और नशामुक्ति का दिया संदेश

 


धौलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित खेल कार्यक्रमों के तहत सोमवार को धौलपुर में पुलिस की ओर से पांच किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने के साथ आमजन को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।

मैराथन का शुभारंभ धौलपुर सीओ सिटी प्रदीप कुमार नेहरा ने पचगांव पुलिस चौकी से हरी झंडी दिखाकर किया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पांच किलोमीटर के निर्धारित मार्ग पर दौड़ लगाई। प्रतिभागी पुलिस लाइन, जगदीश तिराहा और कलेक्ट्रेट के सामने से होते हुए गुलाब बाग पहुंचे, जहां मैराथन का समापन हुआ। मैराथन में थाना निहालगंज के यूथ सीएलजी सदस्य विनीत शर्मा प्रथम स्थान पर रहे।

दौड़ के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने आमजन को नियमित व्यायाम एवं खेल गतिविधियों से जुड़ने, नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। साथ ही साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव, निहालगंज थाना प्रभारी देवेन्द्र शर्मा, पुलिस लाइन के एललो मोहन सिंह और हवलदार मेजर जसराम सिंह सहित पुलिस, आरएसी, सीएलजी और पुलिस मित्रों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप