महिला सुरक्षा पुलिस एवं प्रशासन के साथ समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
धौलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, जागरूकता एवं सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जिला स्तरीय जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। नगर परिषद धौलपुर के सभागार में आयोजित समारोह में महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए साझा प्रयासों पर मंथन किया गया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, जनजागरूकता एवं उत्कृष्ट पुलिस कार्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले महिला एवं पुरुष पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन का विषय नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न अथवा लैंगिक अपराध की स्थिति में बिना किसी भय अथवा संकोच के पुलिस, प्रशासन एवं विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं का तत्काल उपयोग करने का आह्वान किया।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि महिला सुरक्षा राजस्थान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसके लिए पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं बल्कि समाज की सहभागी एवं संरक्षक की भूमिका निभा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि धौलपुर पुलिस महिला सुरक्षा से संबंधित प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता, गोपनीयता एवं त्वरित कार्रवाई की नीति पर कार्य कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने अपने संबोधन में सीनियर- नॉट अलोन योजना, महिला बीट अधिकारी योजना, भारतीय न्याय संहिता-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023, भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 के प्रमुख प्रावधानों, महिला सुरक्षा से संबंधित नवीन कानूनी व्यवस्थाओं तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी कानूनों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रोबेशनर आरपीएस सुखराम विश्नोई ने कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के संबंध में विशाखा गाइडलाइन, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (रोकथाम, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम-2013, पॉक्सो अधिनियम, नौकर एवं किरायेदार सत्यापन तथा बाल एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
वृताधिकारी वृत्त धौलपुर कृष्ण राज जांगिड ने महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली, महिला अपराधों की विवेचना, संवेदनशील पुलिसिंग, साक्ष्य संरक्षण, पीड़ित सहायता तंत्र तथा समाज की सहभागिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में महिला कांस्टेबल श्रीमती मुन्नी देवी द्वारा महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत प्रभावी आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। संचालन अंकुर कौशिक निजी सहायक पुलिस अधीक्षक धौलपुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञ तथा जिले भर से बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप