धौलपुर की दुर्गा कॉलोनी में डकैती के चार आरोपित गिरफ्तार
धौलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। शहर की दुर्गा कालोनी में हुई डकैती के चार आरोपिताें को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से एक देशी तमंचा तथा दो कारतूस बरामद किए हैं। यूपी तथा बिहार से ताल्लुक रखने वाले वारदात में संलिप्त आरोपित आदतन एवं कुख्यात अपराधी हैं, जिनके विरूद्ध पूर्व में विभिन्न आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध है।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि 28 जुलाई को निहालगंज थाना क्षेत्र की दुर्गा कालोनी में अब्दुल गफ्फार के घर में एक महिला तथा एक पुरुष अलीगढ से आने तथा लडके का रिश्ता करने की बात कहकर घर में घुसे। कुछ ही देर में चार अन्य लोग भी घर में घुस आए। इसके बाद में इन सभी लोगों ने बुजुर्ग महिला सायरा खातून सहित परिवार के अन्य लोगों को हथियार की नोंक पर हाथ और पैरों में टेप लगाकर बांध दिया। इसके बाद आरोपिताें ने जान से मारने की धमकी देते हुए सायरा खातून के सिर पर तमंचा लगा कर घर के अन्दर रखे करीब डेढ लाख रूपये, सोने-चांदी के जेवरात, तीन मोबाइल, बैंक पासबुक एवं अन्य कागजात जबरन छीन लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने थाप थप्पडों व लात घूसों से मारपीट भी की। वारदात को अंजाम देने के बाद में आरोपित घर से भाग गए। इस संबंध में सायरा खातून की रिपोर्ट पर धारा 308 (2), 308(4), 307, 351(2), 310(2), 311, 332 (बी), 61(2) बीएनएस में प्रकरण पंजीबद्ध कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपिताें की पहचान के लिए थाना स्तर पर टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर सीकर, खाटूश्याम, वृन्दावन, फतेहाबाद, आगरा एवं राजस्थान व उत्तप्रदेश के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। एसपी ने बताया कि निहालगंज थाना पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें में बन्टी खान निवासी खटीक खाना मौहल्ला फतेहाबाद थाना फतेहाबाद जिला आगरा यूपी, तेजसिंह निवासी वीधापुरा थाना बसई अरेला बाह जिला आगरा यूपी, गुड्डू ठाकुर उर्फ निरोत्तम सिंह निवासी गढी राठौड सैमरा थाना खन्दौली जिला आगरा यूपी तथा रंजीता यादव निवासी सियाडी मठिया थाना सिवान जिला सिवान (बिहार) हाल किरायेदार सीएनजी पम्प के पीछे टेडी बगिया आगरा यूपी शामिल हैं। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बाइक तथा एक देशी तमंचा तथा दो कारतूस जब्त किए गए हैं। एसपी ने बताया कि वारदात में संलिप्त आरोपित आदतन एवं कुख्यात अपराधी हैं, जिनके विरूद्ध पूर्व में विभिन्न आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध है। वारदात में संलिप्त अन्य आरोपिताें एवं लूटी गई रकम व जेवरात की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप