धौलपुर में विद्यार्थियों को दिलाई नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा
धौलपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में गुरुवार को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय धौलपुर में नशा मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन की प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा अपने परिजनों तथा पास पड़ोस के लोगों को भी नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आवाहन भी किया गया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज के प्रतिनिधि बीके सत्य प्रकाश भाई ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के तहत दादी प्रकाशमणि की पावन स्मृति में दस करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 6 अगस्त से 20 अगस्त तक जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों, स्टाफ एवं अभिभावकों समेत आमजन को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा कराई जा रही है। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के बाड़ी उप सेवा केंद्र की बीके रेनू बहन ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। कार्यक्रम में पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय धौलपुर के प्राचार्य मन्मथ कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी ही देश के भावी कर्णधार हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में नशा मुक्ति के प्रति जागरुकता उत्पन्न होती है। उन्होंने नशा मुक्ति प्रतिज्ञा जैसे सकारात्मक आयोजन के लिए ब्रह्मकुमारीज का आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुकेश वर्मा, संजय, रविंद्र कुमार, दीपक कुशवाह, धर्मेंद्र जांगिड़, हेमंत शर्मा एवं नवीन प्रजापति सहित पीएमसी केंद्रीय विद्यालय के स्टाफ के सदस्य विद्यार्थी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप