धौलपुर का पार्वती बांध लबालब,प्रशासन ने दो गेट खोले

 


धौलपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। धौलपुर जिले के सबसे बडे बांधों में शुमार पार्वती बांध अब लबालब हो गया है। जिले के सरमथुरा तथा समीपवर्ती करौली इलाके में हो रही लगातार बारिश के कारण पार्वती बांध में पानी की आवक बढने के बाद में प्रशासन ने बांध के दो गेट खोल दिए गए हैं।

जल संसाधन विभाग के नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम 4:30 बजे बांध के दो गेट दो-दो फीट तक खोले गए हैं। इन गेटों से करीब 2200.76 क्यूसेक पानी की निकासी शुरू हो गई है। पार्वती बांध की कुल भराव क्षमता 223.41 मीटर है। शनिवार को बांध का जलस्तर 222.95 मीटर दर्ज किया गया है। कैचमेंट क्षेत्र में बारिश के चलते बांध में लगातार पानी आ रहा है। इसलिए जलस्तर को कंट्रोल करने और अतिरिक्त पानी को सुरक्षित निकालने के लिए गेट खोलने का फैसला लिया गया है। उधर,पार्वती बांध से पार्वती नदी में पानी छोड़े जाने के कारण नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। जल संसाधन विभाग बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर रख रहा है। जरूरत पड़ने पर आगे पानी की निकासी में बदलाव किया जा सकता है। जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई एडवायजरी में कहा गया है कि नदी के प्रवाह क्षेत्र में आने वाले सभी गांवों के नागरिक सचेत एवं सतर्क रहें एवं रपट एवं पुलिया को पार करते समय सावधानी बरतें। नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा अपने पशुओं को पानी के पास न जाने दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप