धौलपुर में नर्सिंग छात्रों ने निकाली अंगदान जागरूकता रैली

 


धौलपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय धौलपुर द्वारा अंगदान के प्रति जन-जागरूकता एवं जन-प्रेरणा के उद्देश्य से अंगदान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा एवं उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चेतराम मीणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली का शुभारंभ जिला कलेक्ट्रेट से हुआ तथा इसका समापन गांधी पार्क में किया गया। रैली के दौरान राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय धौलपुर के छात्र-छात्राओं ने अंगदान के महत्व से संबंधित प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया तथा उन्हें मृत्यु उपरांत अंगदान करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने समाज में यह संदेश प्रसारित किया कि अंगदान महादान है, जो अनेक जरूरतमंद लोगों को नया जीवन प्रदान कर सकता है। गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ नर्सिंग धौलपुर की प्राचार्या श्रीमती नीलम सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अंगदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है तथा प्रत्येक नागरिक को इसके प्रति जागरूक होकर समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में मोहर सिंह मीणा, नितिन कुमार दीक्षित, सुमित कुमार भारद्वाज, नीरज कुमार भामोरिया, नीलम मीणा, जय व्यास, वीरेंद्र यादव एवं प्रदीप कुशवाह सहित राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय धौलपुर के समस्त छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप