धौलपुर नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त गुमान सिंह सैनी निलंबित

 


धौलपुर, 24 जून (हि.स.)। धौलपुर नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त एवं अधिशाषी अभियंता गुमान सिंह सैनी को निलंबित कर दिया गया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सैनी को कथित तौर पर चालीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दिखाया था। राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग ने यह कार्रवाई इसी कथित रिश्वतखोरी के मामले में की है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय स्थानीय निकाय विभाग जयपुर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार को एक वीडियो वायरल होने को गंभीरता से लेते हुए धौलपुर नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त गुमान सिंह सैनी से आयुक्त का अतिरिक्क्त चार्ज हटाया गया था। इसके बाद में डीएम श्रीनिधि बी टी ने एक आदेश जारी कर आयुक्त नगर परिषद धौलपुर के रिक्त पद का अतिरिक्त कार्यभार गुमान सिंह अधिशाषी अभिययंता नगर परिषद धौलपुर के स्थान पर विष्णु परमार अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका मनियां को दिया था। बताते चलें कि सैनी पर नगर परिषद से जुड़े एक ठेकेदार के सुपरवाइजर हेमंत सिंह से करीब 40 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। सोशल तीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद में विभागीय स्तर पर इसे गंभीरता से लिया गया और गुमान सिंह सैनी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई थी। इसके बाद में राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग ने बुधवार को धौलपुर नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त एवं अधिशाषी अभियंता गुमान सिंह सैनी को निलंबित कर दिया।

गौरतलब है कि इससे पहले बीते साल 11 सितंबर 2025 को भी धौलपुर नगर परिषद में रिश्वतखोरी का एक बड़ा मामला सामने आया था। इस मामले में भरतपुर एसीबी की टीम ने कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई में धौलपुर नगर परिषद में 3.10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए 5 अधिकारी और कर्मचारियों को ट्रैप किया गया था। इनमें नगर परिषद की एईएन प्रिया झा, कैशियर भरत, ड्राइवर देवेंद्, यूडीसी नीरज एवं संविदाकर्मी हरेंद्र शामिल हैं। छापे के दौरान तत्कालीन नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा को ट्रैप नहीं किया था। लेकिन पूरे मामले में उनकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर बाद में उन्हें निलंबित किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप