चरित्र पर शक में पति बना हैवान, पत्नी की लाठी-सरिए से पीटकर हत्या

 






धौलपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले के सैपउ थाना क्षेत्र के भूरा पुरा गांव में बुधवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक कलियुगी पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए लाठी एवं सरिए से पीट पीट कर उसकी हत्या कर दी। शादी के करीब 15 साल बाद हुई इस खूनी वारदात में आरोपित पति दिनेश कुशवाहा अपनी पत्नी मथुरा देवी की बेरहमी से हत्या करने के बाद मौके से भाग निकला। इस संबंध में मृतका के पीहर पक्ष की ओर से आरोपित पति के विरुद्ध सपउ थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया गया है।

मृतका की बहिन गुडिया ने बताया कि मृतका मथुरा देवी और दिनेश का विवाह साल 2011 में हुआ था। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन पिछले तीन वर्षों से दिनेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था। इसी शक की वजह से वह आए दिन मथुरा के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करता और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी क्रम में 15 अप्रैल की रात को भी वह शराब के नशे में घर पहुँचा और चरित्र की बात को लेकर फिर से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दिनेश ने सरिए और लाठी से हमला कर करीब 35 वर्षीया मथुरा देवी को मौत के घाट उतार दिया। वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पंहुची सैपउ पुलिस को पता चला कि मृतका ने संघर्ष कर खुद को बचाने की पूरी कोशिश की थी, क्योंकि मौके पर टूटी हुई चूड़ियाँ, खून के धब्बे और संघर्ष के निशान मिले हैं। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया है और पूरे घटनास्थल को सील कर दिया गया है। मायके पक्ष की शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ अनूप कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और फरार दिनेश को ट्रैक करने के लिए साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और आरोपित को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप