धौलपुर में ‘मन से मजबूत राजस्थान’ मैराथन, मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति का संदेश
धौलपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत रविवार को धौलपुर में ‘मन से मजबूत राजस्थान’ मैराथन का आयोजन किया गया। आईएमए धौलपुर और रोटरी क्लब धौलपुर के सहयोग से आयोजित मैराथन नगर परिषद स्थित मेला मैदान से शुरू होकर तीर्थराज मचकुंड सरोवर क्षेत्र पहुंची। आयोजन के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
समापन पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य के समान महत्व दिया जाना चाहिए। युवाओं और विद्यार्थियों को तनाव तथा समस्याओं को छिपाने के बजाय परिवार, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से संवाद करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने मानसिक परेशानी के समय समय रहते मदद लेने के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुमित मित्तल ने कहा कि आत्महत्या की रोकथाम पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए ‘गेटकीपर’ तैयार किए जाने चाहिए, जो मानसिक तनाव, निराशा या आत्महत्या के चेतावनी संकेतों को समय रहते पहचानकर संवेदनशीलता से बात सुनें और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ सहायता से जोड़ें।
आईएमए धौलपुर के अध्यक्ष डॉ. निखिल अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सकों की भूमिका उपचार के साथ मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, नशामुक्ति और आत्महत्या रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी है।
मैराथन में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. महेश अग्रवाल, डॉ. रामावतार अग्रवाल और निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने भी सहभागिता की। महिला वर्ग में नीलम विजेता और सोनम कंसाना उपविजेता रहीं। पुरुष वर्ग में संदीप गुर्जर विजेता तथा दीपू कुमार उपविजेता रहे। विजेताओं और उपविजेताओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब धौलपुर के अध्यक्ष डॉ. बीएम मंगल ने आभार जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप