नगर निकाय चुनाव : द्वितीय चरण के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना

 


धौलपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। धौलपुर जिले में नगर निकाय आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण के मतदान के लिए गुरूवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियों को श्री अग्रसेन विद्या पीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय धौलपुर रोड बाड़ी में बुलाया गया और अन्तिम प्रशिक्षण व मतदान सामग्री देकर रवाना किया। नगर पालिका बसेड़ी के लिए वाई एफ महाविद्यालय बसेड़ी तथा नगर पालिका सरमथुरा के लिए वर्कशॉप ब्लॉक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सरमथुरा से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। मतदान स्थलों पर कड़े सुरक्षा के प्रबंध किए गए है। मतदान करने का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। अन्तिम प्रशिक्षण के दौरान नगर निकाय आम चुनाव के लिए लगाए गए चुनाव पर्यवेक्षक अरूण प्रकाश शर्मा तथा जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने बताया कि नगर निकाय आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण 11 सितम्बर को कुल 73 हजार 290 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। नगर पालिका बाड़ी में 44 वार्डो से कुल 43 हजार 97 पंजीकृत मतदाताओं में से 22 हजार 696 पुरूष, 20 हजार 400 महिला तथा एक थर्ड जेण्डर मतदाता, नगर पालिका बसेड़ी में 24 वार्डो से कुल 16 हजार 215 पंजीकृत मतदाताओं में से 8 हजार 486 पुरूष, 7 हजार 729 महिला मतदाता तथा नगर पालिका सरमथुरा में 24 वार्डो से कुल 13 हजार 978 पंजीकृत मतदाता में से 7 हजार 502 पुरूष, 6 हजार 475 महिला तथा एक थर्ड जेण्डर मतदाता अपने मत का प्रयोग करेगें। उन्होंने बताया कि नगर पालिका बाड़ी के वार्ड नंबर 23, नगर पालिका बसेड़ी के वार्ड नंबर 3 तथा नगर पालिका सरमथुरा के वार्ड नंबर 7 में निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप