शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटलीकरण की महत्वपूर्ण भूमिका : खान

 


धौलपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। जिले के कृषि महाविद्यालय बसेड़ी में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में पूर्व मंत्री अब्दुल सगीर खान ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर अपने उदबोधन में पूर्व मंत्री खान ने कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में अनुशासन का विशेष महत्व है। इसलिए सभी युवा अपने जीवन में अनुशासन को आत्मसात कर समाज एवं राष्ट्र सेवा में अपनी भागीदारी निभाएं।

पूर्व मंत्री ने महाविद्यालय में डिजिटलीकरण को आज की शिक्षा में महत्वपूर्ण बताया तथा विद्यार्थियों को मिल रही सभी सुविधाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की। अधिष्ठाता डॉ. जुनैद अख्तर ने विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से देश एवं किसानों की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने एकल गायन, एकल नृत्य, भाषण, सामूहिक नृत्य एवं नाटक सहित विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साह एवं सहभागिता के लिए प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप