उत्सव : धौलपुर में श्रद्धा और उल्लास से निकली महाप्रभु जगन्नाथ की सवारी

 


धौलपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। मन में महाप्रभु जगन्नाथ के लिए अगाध श्रद्धा। होठोंं पर जय जगन्नाथ का जयघोष। श्रद्धालुओं में महाप्रभु रथ खींचने की होड। आसमान से होती पुष्प वर्षा। कृष्ण भजनों पर झूमते भक्त। और फिजा में महाप्रभु जगन्नाथ,भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के लिए समर्पण। धौलपुर में शनिवार को महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान यही नजारा देखने को मिला। मौका था भगवान जगन्नाथ प्रभु की रथ यात्रा का।

इस्कॉन संस्था के तत्वावधान में धौलपुर शहर में शनिवार शाम को महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा आयोजित की गई। जगत के नाथ भगवान जगन्नाथ प्रभु अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ में भव्य रथ पर सवार होकर धौलपुर भ्रमण पर निकले। शहर की प्राचीन गंगाबाई की बगीची इलाके से शाम को रथयात्रा शुरू हुई। बैंडबाजों तथा ढोल तासों से सुसज्जित रथ यात्रा शहर के पुराना हास्पीटल चौराहा, जगन टाकीज, लाल बाजार, सब्जी मंडी,गांधी पार्क, पैलेस रोड तथा गुलाब बाग चौराहा होते हुए हिना मैरिज होम पंहुचकर संपन्न हुई। घंटे और घडियाल तथा जय घोष के साथ में भगवान जगन्नाथ प्रभु के रथ को खींचते श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। रथ यात्रा में महिला एवं पुरुष भगवान श्रीकृष्ण एवं महाप्रभु के भजनों पर नृत्य करते नजर आए। श्रद्धालु महिलाओं ने रथ यात्रा के मार्ग पर परंपरागत तरीके से झाडू भी लगाई। वहीं, रथ यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित झांकिया भी लोगों के आकर्षण का केन्द्र रहीं। रथयात्रा में धौलपुर के श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ प्रभु,भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के दर्शन का सौभाग्य मिला। रास्ते में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ का आरती उतार कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं, इस्कान संस्था की ओर से परंपरागत रुप से खिचडी एवं कढी चावल का प्रसद भी वितरित किया गया। उधर, महाप्रभु की रथ यात्रा को पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कडे इंतजाम भी किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप