अवैध भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 81 गैस सिलेंडर जब्त
धौलपुर, 13 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने तथा अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बाड़ी कस्बे में छापेमारी की।
जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी के निर्देश पर गठित विशेष प्रवर्तन जांच दल द्वारा शुक्रवार देर शाम की गई छापेमारी में कुल 81 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जिला रसद अधिकारी मणि खींची ने बताया की जांच दल ने बाड़ी कस्बे में बसेड़ी रोड स्थित विजय कैटरर्स के गोदाम पर छापा मारकर 79 गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें 24 सिलेंडर 14.2 किलोग्राम घरेलू श्रेणी के, 28 सिलेंडर 5 किलोग्राम घरेलू श्रेणी के तथा 27 सिलेंडर 19 किलोग्राम व्यावसायिक श्रेणी के पाए गए। कार्रवाई के दौरान बसेड़ी रोड स्थित स्काईजिन रेस्टोरेंट एवं होटल में भी जांच की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग कर भोजन तैयार किया जा रहा था। यहां से 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस प्रकार दोनों स्थानों से कुल 81 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल में गजेन्द्र बाबू शर्मा, जगदीश प्रसाद शर्मा एवं जितेन्द्र गोठवाल सहित पुलिस दल भी मौजूद रहा। डीएसओ खिंची ने बताया कि धौलपुर जिले में आम उपभोक्ताओं को बुकिंग के आधार पर गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। 12 मार्च 2026 को 4340 सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 13 मार्च 2026 को भी 4000 से अधिक सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अवैध भंडारण, घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग अथवा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप