धौलपुर में अवैध पटाखों के खिलाफ कार्रवाई, सीओ एवं सीआई घायल

 




धौलपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली से पूर्व अवैध पटाखों के निर्माण तथा बिक्री के विरुद्व जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार रात को एक बडा हादसा हो गया। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव पुरानी छावनी में कार्रवाई के दौरान पोटाश का पाउडर लगने से सीओ सिटी तथा सीआई की आंखेे जख्मी हुई हैं। हादसे की सूचना मिलने पर जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान तथा अपर पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा मौके पर पंहुचे तथा हालात का जायजा लिया। धौलपुर में प्राथमिक उपचार के बाद में दोंनों अधिकारियों को आंखों की जांच के लिए जयपुर भेजा जा रहा है। पुलिस ने मौके से पटाखे निर्माण में काम आने वाली सामग्री भी जब्त की है।

जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि पुलिस को सदर थाना क्षेत्र के पुरानी छावनी गांव में कुछ घरों में अवैध रुप से पटाखे निर्माण किए जाने तथा इस काम के लिए आवश्यक सामग्री के भंडारण के संबंध में सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक शहर प्रदीप नेहरा तथा सदर थाना प्रभारी अमित कुमार की अगुवाई में पुलिस तथा डीएसटी टीम ने तलाशी अभियान चलाया। पुरानी छावनी गांव के एक घर में निर्माणाधीन पटाखों की जांच-पड़ताल करते समय पटाखे बनाने के काम आने वाले पोटाश पाउडर को उठाते समय सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और सदर थाना प्रभारी अमित कुमार की आंखों में पोटाश पाउडर लग गया। इससे दोंनों अधिकारियों की आंखें जख्मी हो गईं। इस घटना के बाद दोनों अधिकारियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद में धौलपुर के गौरव पथ इलाके में स्थित आंखों के एक निजी अस्पताल में भी जांच के लिए लाया गया। यहां पर नेत्र विशेषज्ञों द्वारा जांच के बाद में अग्रिम जांच के लिए ऐतिहातन दोंनों अधिकारियों को जयपुर भेजा जा रहा है। एसपी ने बताया कि अवैध रुप से पटाखे बनाने वालों के विरुद्व पुलिस का अभियान जारी रहेगा। बताते चलें कि दीपावली के मद्देनजर पुलिस की ओर से शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने पंचगांव में भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में विस्फोटक श्रेणी के अवैध पटाखे जब्त किए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप