श्रद्वा : गणपति बप्पा मोरिया,अगले बरस तू जल्दी आ

 


धौलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। शहर में मनाए जा रहे गणेश महोत्सव के समापन के बाद शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन किया गया। गणेश महोत्सव के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित की गईं गणेश प्रतिमाओं को शोभायात्रा के रूप में बाजार में निकाला गया। बाद में चंबल नदी तट पर प्रतिमाओं को जल में विसर्जित कर दिया गया। श्रद्धालुओं को एक दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी तथा विघ्नहर्ता भगवान गणपति को अगले बरस जल्दी आने का न्यौता भी दिया।

शहर के नया बस स्टेंड, गडरपुरा, धूलकोट, पुरानी सब्जी मण्डी, तलैया, कायस्थपाडा, स्टेशन रोड, पुराना शहर, भामतीपुरा और शास्त्री नगर क्षेत्र में स्थापित किए गए पांडालों में से गणपति प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया गया। गणेश प्रतिमाओं को वाहनों में बनाए गए मंचों पर स्थापित किया था। प्रतिमाओं के विसर्जन की शोभा यात्रा में बैण्डबाजों की धुन पर श्रद्धालु नाचते और गाते हुए चल रहे थे। शोभायात्राओं का कई स्थानों पर स्वागत किया गया तथा देर शाम गणपति प्रतिमाएं चंबल नदी ले जाई गईं। यहां पर पूरे विधि विधान के साथ में गणेश प्रतिमाओं को चंबल के जल में विसर्जित कर दिया। विसर्जन के बाद में श्रद्धालुओं ने गुलाल लगा कर एक दूसरे को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप