महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता : श्रीनिधि
धौलपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती के मौके पर शुक्रवार को शहर के गांधी पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में बापू एवं शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम में डीएम श्रीनिधि बी टी ने कहा कि महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जैसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। आज उनकी जयंती के मौके पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने गांधी के सिद्धांतों को जीवन में उतारने, सत्य अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से सादगी के साथ उत्कृष्टता की सीख मिलती है, जिसे भी हमें आत्मसात करना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति अभियान के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। आयोजन में शिक्षाविद मनोज मनु ने बापू के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीणा, धौलपुर तहसीलदार दुष्यंत शर्मा, धौलपुर नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश मंगल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सुक्खो देवी, सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक मौहम्मद अशफाक खान,महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक निदेशक भूपेश गर्ग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक राजकुमार मीणा सहित अधिकारी कर्मचारीगण, गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गोविंद प्रसाद शर्मा द्वारा किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप