बेटियों ने रोशन किया धौलपुर जिले का नाम : डॉ. रैनू
धौलपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान फुटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित की जा रही राज्यस्तरीय बालिका जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब धौलपुर की टीम ने अपने नाम किया है। धौलपुर जिले के तसीमों में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में धौलपुर ने उदयपुर को सडन डेथ में 1-0 से हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
राज्यस्तरीय बालिका जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में धौलपुर और उदयपुर की टीमों के बीच निर्धारित समय और 15 मिनट के अतिरिक्त समय तक कोई गोल नहीं हो सका। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं। अंत मुकाबला सडन डेथ में पहुंचा, जहां धौलपुर की खिलाड़ियों ने निर्णायक गोल दागकर खिताब अपने नाम कर लिया। समापन के मौके पर मुख्य अतिथि प्रसिद्व चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. रेनू निखिल अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि धौलपुर की बेटियां भी बेटों से कम नहीं हैं। इस प्रतियोगिता का खिताब जीतकर धौलपुर की बेटियों ने देश और प्रदेश में धौलपुर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले की बालिका खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी धौलपुर का नाम रोशन करेंगी।
वरिष्ठ रोटेरियन प्रिया त्यागी ने कहा कि धौलपुर की बेटियां भी खेलों के क्षेत्र में खिताब अपने नाम करने में सक्षम हैं। सैंपऊ तहसीलदार कप्रवीण कुमार गुप्ता ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विजेता टीम को बधाई दी। जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गुरमीत मान ने बताया कि धौलपुर की टीम पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही और अनुशासित खेल, बेहतरीन तालमेल तथा मजबूत रक्षा पंक्ति के दम पर खिताब जीतने में सफल रही। प्रतियोगिता में अजमेर ने बीकानेर को हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। समारोह में राजस्थान फुटबॉल संघ के पर्यवेक्षक रफीक सिंधी, चयनकर्ता तरुण राय व चंद्रकला राय, संदीप राना,श्रेया राना,महेंद्र सिंह परमार और राकेश परमार सहित अन्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप