आईएमए ने राज्यपाल के नाम डीएम को सोंपा ज्ञापन,शीघ्र न्याय की मांग

 


धौलपुर, 10 मई (हि.स.)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन धौलपुर की सामान्य सभा की बैठक रविवार को राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन डॉ. आरएस गर्ग के निवास पर संपन्न हुई। बैठक में जयपुर स्थित निविक अस्पताल के निदेशक डॉ. सोनदेव बंसल प्रकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद में आईएमए के प्रतिनिधि मंडल ने डीएम श्रीनिधि बी टी को एक ज्ञापन भी साैंपा।

बैठक में डॉ.आरएस गर्ग ने बताया कि डॉ. सोनदेव बंसल की जमानत याचिका पर राजस्थान उच्च न्यायालय में सुनवाई के दौरान कुछ अधिवक्ताओं द्वारा व्यवधान उत्पन्न किया गया। इसके साथ ही डॉ. सोनदेव बंसल के परिजनों को बार रूम में घेरकर उनके साथ अभद्र व्यवहार एवं हाथापाई किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। जिससे न्यायिक प्रकिया बाधित हुई तथा जमानत सुनवाई को 11 मई तक स्थगित कर दिया गया। इस घटना से प्रदेशभर के चिकित्सकों में गहरा आक्राेश व्याप्त है। आईएमए धौलपुर के अध्यक्ष डॉ. निखिल अग्रवाल ने बताया कि डॉ. सोनदेव बंसल पिछले एक माह से जेल में निरूद्ध हैं तथा उनकी जमानत याचिका की सुनवाई को बार-बार जानबूझकर हंगामा कर स्थगित कराया जा रहा है। जिससे निष्पक्ष न्याय की उम्मीद कमजोर होती जा रही है। इस स्थिति से आहात होकर जयपुर में आईएमए राजस्थान द्वारा संपूर्ण चिकित्सा सेवाओं-ओपीडी, इमरजेंसी एवं आईपीडी सेवाओं सहित अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया है। इसी कम में आज आईएमए धौलपुर द्वारा जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम एवं राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में डॉ. सोनदेव बंसल प्रकरण की तत्काल सुनवाई, निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने तथा दोषी अधिवक्ताओं के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। ताकि आमजन एवं चिकित्सकों का न्यायपालिका पर विश्वास बना रहे। साथ ही ज्ञापन में यह स्पष्ट किया गया कि यदि डॉ. सोनदेव बंसल प्रकरण में उचित कार्रवाई नहीं होती है तथा उन्हें शीघ्र न्याय नहीं मिलता है, तो आईएमए धौलपुर भी राज्य आईएमए के साथ पूर्ण चिकित्सा बंद जैसे कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होगा। बैठक में जोनल प्रतिनिधि डॉ. हरिओम गर्ग, सचिव डॉ. सुमित मित्तल, कोषाध्यक्ष डॉ. बृजेश सिंघल डॉ. मुनेन्द्र गर्ग, डॉ. रेनू अग्रवाल, डॉ. विष्णु सिंघल, डॉ. मनीष मित्तल, डॉ. अनुज गुप्ता डॉ. रामलखन गोयल, डॉ. दीपक जिंदल, डॉ. अरूण शर्मा, डॉ. मनोज गुप्ता एवं डॉ. दीपेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप